37.1 C
Ratlām

रतलाम : निगम के कार्यो से नाखुश कलेक्टर ने दिए कई निर्देश, अधिकारियों को सख्त हिदायत

सड़के होगी सीमेंट कांक्रीट और फ़ूड ज़ोन के टेंडर होंगे कुछ दिनों में जारी, निगमायुक्त को निर्देश सुबह उठकर करे वार्डो का भृमण, सीसीटीवी से होगा स्पॉट फाइन, आमलोगों से बदतमीज़ी बन्द करे, 20 अवैध कॉलोनियों की सूची तैयार

रतलाम : निगम के कार्यो से नाखुश कलेक्टर ने दिए कई निर्देश, अधिकारियों को सख्त हिदायत

रतलाम/इंडियामिक्स : शहर में नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम द्वारा तरणताल स्थित हाल पर की गई। बैठक में निगम अधिकारियों के कार्यो से कलेक्टर नाखुश दिखे। जिसने यह साबित कर दिया की निगम में कई अरसों से जमे अधिकारियों की लचर कार्यप्रणाली ने किस तरह से शहर की व्यवस्था को पंगु बना दिया है। कलेक्टर ने निगमायुक्त झारिया को रोजाना भृमण पर निकलने के साथ ही सफाई व्यवस्था को दुरस्त कर देने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने कुछ दिनों पूर्व ही निगम में इंजीनियरिंग पर लेन देन की शिकायत की बात कही थी। जिस पर तत्काल विभागों में अधिकारियों की हेराफेरी कर दी गई।

बैठक में कलेक्टर ने कहा की शहर में सड़कों का पैचवर्क जल्द शुरू करें। इनमे 38 सड़कों में से 6 सड़कों पर पैचवर्क 15 अक्टूबर से शुरू कर दिया जाएगा। शेष सड़कों के टेंडर रेट ज्यादा होने से पुनः टेंडर किए जा रहे हैं। इस बैठक में नगर निगम के कार्यपालन यंत्री सुरेश व्यास, हनीफ शेख, श्याम सोनी, उपायुक्त विकास सोलंकी आदि उपस्थित थे।

बैठक में एक के बाद एक कलेक्टर ने निर्देश देते हुए कहा कि शहर की डामर सड़कों को धीरे-धीरे के सीमेंट कंक्रीट बनाया जाए। काम जल्दी पूरे करने के लिए एक क्रेन किराए पर ली जाए।

फ़ूड ज़ोन के टेंडर होंगे जारी

फूड जोन के बारे में बताया गया कि तीन-चार दिनों में डीपीआर तैयार हो जाएगी, उसके बाद टेंडर जारी कर दिए जायेंगे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि फूड जोन में स्मार्ट पार्किंग रहेगी, साथ ही सफाई के लिए एक जिम्मेदार एजेंसी भी रहेगी।

बार बार बोलने पर भी सफाई के हाल बेहाल

कलेक्टर ने शहर में सफाई की व्यवस्था ठीक ढंग से नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि तमाम प्रयासों के बावजूद सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। कलेक्टर द्वारा छत्रीपुल के सामने की दुकानों के पीछे के हिस्से में मौजूद गंदगी का भी जिक्र किया गया। कलेक्टर ने कहा कि निगम के पास पर्याप्त वाहन है, पर्याप्त अमला है। अब इस संबंध में ढीला-ढाला काम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगमायुक्त सोमनाथ झारिया को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह उठकर दो-तीन घंटे तक तीन से चार वार्डो का भ्रमण करें और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करें। इसी प्रकार विद्युत समीक्षा के दौरान उपयंत्री आचार्य को निर्देशित किया कि वे शाम को प्रतिदिन शहर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर सुचारू विद्युत व्यवस्था हेतु जायजा लेते रहे।

बदतमीजी ना करे निगमकर्मी

कलेक्टर पुरुषोत्तम ने बताया कि शहर में मिनी स्मार्ट सिटी योजना में नगर निगम द्वारा तीन सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इनमें शास्त्री नगर फोरलेन, मैन पोस्ट ऑफिस से लोकेंद्र टॉकीज फोरलेन तथा गुजरात स्वीट से रेलवे रेलवे सीनियर इंस्टिट्यूट तक टूलेन बनाया जाएगा। कलेक्टर स्पॉट फाइन करने वाली टीम के प्रति भी नाराज रहे व निर्देशित किया के बगैर दबाव के स्पॉट फाइन करें। किसी के साथ बदतमीजी नहीं करें, खासतौर पर महिलाओं के साथ सम्मान से पेश आएं। समीक्षा के दौरान कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर द्वारा उपयंत्री राजेंद्र मिश्रा की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।

सीसीटीवी में देख होगा स्पॉट फाइन

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पुलिस कंट्रोल रूम पर सीसीटीवी से पूरे शहर की जानकारी मिलती है। शहर में व्यवस्था का जायजा लेने के लिए नगर निगम का एक कर्मचारी पुलिस कंट्रोल रूम पर तैनात किया जाए, वहां से कैमरे द्वारा वाच करें फिर स्पॉट फाइन किया जाए। शहर में शासकीय भूमि पर अवैध कॉलोनियों के विकास की समीक्षा के दौरान निगम आयुक्त द्वारा बताया गया कि शहर में नगर निगम के अमले द्वारा 20 अवैध कालोनियां चिन्हित की गई है परंतु उनके विरुद्ध कार्यवाही के लिए भूमि स्वामियों के नाम-पते की आवश्यकता है। इस पर कलेक्टर द्वारा तत्काल सिटी एसडीएम को दूरभाष पर निर्देशित किया गया कि उक्त कॉलोनियों के भूमि स्वामियों के नाम, पते की सूची निगम को तत्काल उपलब्ध कराएं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.
Name
Latest news
Related news