
मध्य प्रदेश में वक्फ संशोधन बिल 2025 को लेकर सियासी टकराव तेज हो गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा इस बिल का विरोध किए जाने के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) ने रतलाम और गुना में उनके खिलाफ पोस्टर लगाए, जिनमें उन्हें “वतन, धर्म और पूर्वजों का गद्दार” बताया गया.
रतलाम के दो बत्ती चौराहे पर लगे पोस्टर सुबह चर्चा का विषय बन गए. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और BJYM कार्यकर्ताओं से पोस्टर हटवाए. इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता सक्रिय हो गए और स्टेशन रोड थाने के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया. कांग्रेस ने BJYM जिलाध्यक्ष विप्लव जैन पर FIR दर्ज करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर जिला स्तर पर आंदोलन किया जाएगा.
शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया और पूर्व विधायक हर्षविजय गेहलोत ने इस घटना को प्रदेश का माहौल खराब करने की “ओछी राजनीति” बताया.
दिग्विजय सिंह के गृह जिले गुना में भी BJYM ने विरोधस्वरूप उनके खिलाफ पोस्टर लगाए, जिनमें उन्हें ‘देश का गद्दार’ बताया गया. BJYM जिलाध्यक्ष वीरेंद्र धाकड़ ने कहा कि दिग्विजय सिंह तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं और हिंदू धर्म की भावनाओं को ठेस पहुँचा रहे हैं.
गौरतलब है कि वक्फ संशोधन बिल 4 अप्रैल को राज्यसभा से पारित हुआ था और 8 अप्रैल से लागू हो गया. दिग्विजय सिंह ने इसे संविधान विरोधी बताते हुए संसद में कड़ा विरोध दर्ज कराया था। इसी के चलते अब भाजपा और कांग्रेस के बीच टकराव और गहरा हो गया है.
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



