हमले में सास और ननद भी हुई घायल, साजिश का आरोप ससुराल पक्ष पर

रतलाम/इंडियामिक्स रतलाम के डीडीनगर थाना क्षेत्र स्थित मानव नगर में गुरुवार रात एक घरेलू विवाद की सुलह के दौरान हुई खूनी झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं। मृतक की पहचान महेश राठौर (34), निवासी धराड़ (रतलाम) के रूप में हुई है, जो अपनी साली के पारिवारिक विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से रतलाम आया था।
जानकारी के अनुसार, इंदौर के करालिया माचल निवासी माया देवी अपनी बेटी उर्मिला की ससुराल में चल रहे विवाद को लेकर बड़े दामाद महेश राठौर और कुछ अन्य लोगों के साथ बातचीत करने रतलाम आई थीं। उर्मिला की शादी विशाल नामक युवक से हुई है, जो रतलाम के मानव नगर में रहता है। उर्मिला का आरोप है कि उसके साथ ससुराल पक्ष द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जा रहा था। इसी को लेकर मायके पक्ष की ओर से समझौते की कोशिश की जा रही थी। गुरुवार रात लगभग 8:30 बजे जब माया देवी, महेश और अन्य लोग उर्मिला के घर की ओर जा रहे थे, तभी कुछ ही दूरी पर 15-20 लोगों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महेश राठौर के कमर में गंभीर चोट आई, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान रात 10.15 बजे महेश की मौत हो गई।
बीच-बचाव करने आई उर्मिला की ननद ज्योति (34) और माया देवी भी हमले में घायल हो गईं। पुलिस को सूचना मिलने के बाद डीडीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के संबंध में माया देवी ने आरोप लगाया है कि यह हमला उनकी बेटी के सास-ससुर की साजिश है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश जारी है। महेश राठौर का पोस्टमॉर्टम शुक्रवार सुबह मेडिकल कॉलेज में किया जाएगा।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



