
रतलाम। मानव सेवा को सर्वोपरि मानते हुए रतलाम ग्रामीण क्षेत्र की DRX टीम लगातार जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आ रही है। शुक्रवार को एक बार फिर टीम ने सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए रतलाम निवासी एक मरीज के लिए गुजरात के वडोदरा पहुंचकर रक्तदान किया।

जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर ग्राम भाटी बड़ोदिया निवासी समाजसेवी दीपक गरवाल के नेतृत्व में DRX टीम सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय है। शुक्रवार को वडोदरा गुजरात स्थित धीरज हॉस्पिटल में भर्ती रतलाम निवासी एक मरीज को तत्काल रक्त की आवश्यकता होने की जानकारी मिली। मरीज की जरूरत को देखते हुए टीम के सदस्य कान्हा मावी और अजय परमार ने बिना समय गंवाए वडोदरा के लिए रवाना होकर अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया।
टीम के सदस्यों ने यह साबित किया कि जरूरतमंद की मदद के लिए दूरी कभी बाधा नहीं बन सकती। रतलाम से गुजरात तक की दूरी तय कर मरीज के लिए रक्तदान करना मानवीय संवेदना और सेवा भावना का उदाहरण है। रक्तदान के बाद मरीज के परिजनों ने DRX टीम के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बताया गया कि DRX ग्रुप के सदस्य लंबे समय से रक्तदान सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। टीम द्वारा रतलाम के साथ झाबुआ, अलीराजपुर, नीमच, मंदसौर, उज्जैन और इंदौर सहित अन्य क्षेत्रों में भी जरूरतमंदों की मदद की जा रही है। अब टीम ने अपनी सेवा का दायरा बढ़ाते हुए दाहोद और वडोदरा गुजरात तक भी पहुंचाया है।
समाजसेवी दीपक गरवाल एवं उनकी टीम की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। टीम का उद्देश्य जरूरत के समय जरूरतमंद तक पहुंचकर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। DRX टीम के सदस्यों का कहना है कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है और समय पर किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



