
बॉलीवुड एक्टर गोविंदा पैर में गोली लगने से घायल हो गए हैं। उन्हें खुद की पिस्टल से चली गोली लगी। घटना मंगलवार सुबह करीब 4.45 बजे की है। ऑपरेशन कर उनके पैर से गोली निकाल ली गई है। एक्टर फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
एक मीडिया समूह को दिए इंटरव्यू में DCP दीक्षित गेडाम ने बताया कि जिस समय घटना हुई उस समय गोविंदा घर में अकेले थे। उनके पास एक लाइसेंसी रिवॉल्वर है। रिवॉल्वर से गलती से गोली चली, जो उनके पैर पर लगी। इस मामले से जुड़ी कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। मामले में कुछ भी संदिग्ध नहीं है।
करीबी सूत्रों के अनुसार, गोविंदा को अपनी रिवॉल्वर साफ करते हुए मिस फायरिंग से गोली लगी। मुंबई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनकी रिवॉल्वर जब्त कर ली है।
मैं आप सबके आशीर्वाद से ठीक हूं। गलती से गोली चल गई थी, जिसे ऑपरेशन करके निकाल लिया गया है। डॉक्टरों और आप सभी को प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद देता हूं। — अभिनेता गोविंदा
अभिनेता गोविंदा अब खतरे से बाहर
गोली लगने से उनके पैर से काफी खून बह गया था। इलाज के लिए अंधेरी के क्रिटी केयर हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। हॉस्पिटल से जुड़े सुत्रों के अनुसार, शुरुआती इलाज के बाद अब गोविंदा खतरे से बाहर हैं। उनकी बेटी टीना (नर्मदा) फिलहाल अस्पताल में उनके साथ मौजूद हैं, जबकि उनकी पत्नी सुनीता कोलकाता में हैं, जहां गोविंदा का प्रोग्राम होने वाला था।
एक प्रोग्राम में शामिल होने कोलकाता रवाना होने वाले थे
गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने बताया है कि वे एक प्रोग्राम के लिए कोलकाता जा रहे थे। 6 बजे की फ्लाइट थी। अलमारी में पिस्टल रखते हुए मिस फायरिंग हो गई और उनके घुटने के नीचे गोली लग गई। उन्हें तुरंत अंधेरी के अस्पताल ले जाया गया। गोली निकाल ली गई है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। घबराने की कोई बात नहीं है।
अस्पताल पहुंचीं कश्मीरा शाह, कभी झगड़ा सुर्खियों में था
गोविंदा के भांजे कृष्णा की पत्नी कश्मीरा शाह क्रिटी केयर हॉस्पिटल पहुंची हैं। एक समय कश्मीरा और गोविंदा की पत्नी सुनीता झगड़ा सुर्खियों में रहा था। गोविंदा और कृष्णा के बीच विवाद तब शुरू हुआ था, जब 2018 में कृष्णा की वाइफ कश्मीरा शाह ने ट्वीट किया था कि कुछ लोग पैसों के लिए नाचते हैं। इस ट्वीट पर सुनीता आहूजा ने कहा था कि ये ट्वीट गोविंदा के खिलाफ किया गया है। इसके बाद गोविंदा- सुनीता ने कृष्णा-कश्मीरा से सभी संबंध खत्म कर लिए।