
कानपुर में दर्जन भर गाड़ियों का काफिला लेकर गर्लफ्रेंड के साथ हवाबाजी करने निकले गैंगस्टर अजय ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि पुलिस ने जब उसके ठिकाने पर दबिश दी तो वह छज्जे पर लटक गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा. कड़ी मशक्कत से पुलिस ने अजय ठाकुर को पकड़ा तो वह पुलिसकर्मियों से भिड़ गया. ईंट उठाकर उनपर हमला कर दिया.
आखिर में जब भागने में असफल रहा तो अपने सिर पर ईंट मारकर खुद को ही घायल कर लिया. हालांकि, पुलिस के सामने उसकी एक ना चली. बर्रा थाने की पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है.
बीते दिनों कानपुर में एक वीडियो काफी वायरल हुआ था जिसमें दर्जन भर लग्जरी चार पहिया गाड़ियां स्टंट करते हुए राहगीरों में भय का माहौल पैदा कर रही थीं. इन गाड़ियों पर काली फिल्म लगी थी, नंबर प्लेट गायब थी और हूटर बज रहा था. आगे चल रही स्कॉर्पियो में गैंगस्टर अजय ठाकुर बैठा था, वहीं बगल में उसकी गर्लफ्रेंड बैठी थी.
गैंगस्टर अपनी गर्लफ्रेंड का बर्थडे मनाने निकला था. हवाबाजी करते हुए गाड़ियों का काफिला कानपुर के डीसीपी साउथ ऑफिस के पास से भी गुजरा. इस दौरान भी स्टंटबाजी जारी रही. जब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो यूजर्स ने सवाल उठाने शुरू किए. जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और अजय ठाकुर पर शिकंजा कस दिया.
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



