
प्रशिक्षकों ने भी हासिल की राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां

रतलाम। इंदौर में 8 से 12 सितंबर तक आयोजित राष्ट्रीय सीनियर किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में रतलाम जिले के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में रतलाम के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत का दम दिखाते हुए चार कांस्य पदक अपने नाम किए। वहीं प्रशिक्षकों और निर्णायकों ने भी विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की पात्रताएं हासिल कर जिले के लिए गौरव बढ़ाया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आशुतोष प्रजापत, कुशाग्र बैरागी, नितिराज सिंह चौहान और धीशा निगम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किए। इसके अलावा ऐश्वर्या बैरागी और अनमोल शर्मा ने भी प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस उपलब्धि के साथ रतलाम जिला किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष शुभम तलोदिया ने भी महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
उन्होंने ब्लैक बेल्ट प्राप्त करने के साथ ही नेशनल एक्रेडिटेड कोच का दर्जा और लाइसेंस हासिल किया। वहीं कुशाग्र बैरागी, ऐश्वर्या बैरागी और नितिराज सिंह चौहान ने कोचिंग डिप्लोमा पूरा कर नेशनल एक्रेडिटेड कोच बनने की पात्रता प्राप्त की।
प्रतियोगिता के दौरान रतलाम की काजल रावल ने रेफरी लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी की। वहीं शुभम खराड़ी और आकांक्षा यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर निर्णायक (अंपायर) की भूमिका निभाकर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षकों से लिया आधुनिक प्रशिक्षण राष्ट्रीय चैंपियनशिप से पहले 5 से 10 सितंबर तक विशेष प्रशिक्षण कैंप का आयोजन किया गया। इसमें सर्बिया के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक मिलोराड जोटिक और इटली के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक इमैनुएल बोझोलानी ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को आधुनिक किकबॉक्सिंग तकनीकों का प्रशिक्षण दिया।
कैंप वाको इंडिया कोचिंग कमेटी के चेयरमैन सी. सुरेश बाबू तथा अध्यक्ष संतोष के. अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। रतलाम टीम के साथ जितेंद्र राठौर ने कोच की भूमिका निभाई।
रतलाम के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की इस उपलब्धि पर डिफेंस कराटे प्रशिक्षण संस्थान के अध्यक्ष जयेश राठौर, यतेंद्र भारद्वाज, शुभम चौहान, चिराग असरानी और दीपक यादव सहित समाजसेवियों ने सभी पदक विजेताओं, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उक्त जानकारी डिफेंस कराटे प्रशिक्षण संस्थान के अध्यक्ष जयेश राठौर ने दी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



