INDIAMIX
Voice of Democracy

रतलाम : महिला एसआई की आज सुबह हुई मृत्यु, खाया था ज़हर

स्टेशनरोड पुलिस थाने पर पदस्थ महिला एसआई कविता सोलंकी ने कल खाया था जहर, इलाज के दौरान आज सुबह निजी अस्पताल में हुई मृत्यु, शादी ना होने से डिप्रेशन में थी कविता

रतलाम : महिला एसआई की आज सुबह हुई मृत्यु, खाया था ज़हर
SI Kavita Solanki

रतलाम/इंडियामिक्स : शहर के स्टेशन रोड पुलिस थाने पर पदस्थ महिला एसआई कविता सोलंकी ने आज सुबह अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड दिया। कविता को बुधवार दोपहर को जहर खाने के बाद एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार अधिक उम्र हो जाने के बावजूद विवाह नहीं होने से वह डिप्रेशन में थी।

आपको बता दे कि 34 वर्षीय महिला एसआई कविता सोलंकी ने बुधवार दोपहर करीब एक बजे हाकीमवाडा रोड स्थित रंजीत पुलिस लाइन के अपने सरकारी आवास में सैल्फास की गोली निगल ली थी। जहर निगलने के बाद जब उसकी हालत बिगडने लगी तो उसने थाने पर फोन लगाकर एक हेड कान्स्टेबल को तबियत खराब होने की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर थाने के कुछ कर्मचारी उसके घर पंहुचे और उसे एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। गुरुवार सुबह उसने दम तोड दिया।

ई ख़बर की रिपोर्ट के अनुसार आत्महत्या के पीछे विवाह ना होने की वजह से डिप्रेशन होने का कारण सामने आया है। जिला चिकित्सालय में मीडीयाकर्मियों से चर्चा में एसपी गौरव तिवारी ने बताया कि मृतक एसआई के मृत्युपूर्व कथन कराए गए है,जिसमें उसने सैल्फास खाने की बात बताई थी। पुलिस को उसके घर से माता पिता को लिखा एक पत्र भी मिला है,जिसमें उसने लिखा है कि इतनी उम्र हो जाने के बावजूद भी उसकी शादी नहीं हो पा रही है और इससे वह जीवन से पूरी तरह निराश हो चुकी है। इसी वजह से वह अपने जीवन का अंत कर रही है।

उल्लेखनीय है कि मन्दसौर जिले के सीतामउ की रहने वाली कविता वर्ष 2017 में पुलिस की सेवा में आई थी। वह जिले के विभिन्न थानों पर पदस्थ रह चुकी थी और 16 फरवरी 2021 से स्टेशनरोड थाने पर पदस्थ थी। मृत्यु के बाद उसका पोस्टमार्टम करवाया गया और उसका शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.