एंटीलिया मामले में मुंबई पुलिस के अधिकारी सचिन वाझे का नाम आने के बाद हरकत में आई महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह को हटा कर हेमंत नगराले को सौंपी कमान

मुंबई : एंटीलिया प्रकरण में पुलिस अधिकारी सचिन वाझे को आरोपित बनाए जाने के बाद गृहमंत्री अनिल देशमुख ने महाराष्ट्र पुलिस में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। परमबीर सिंह को मुंबई पुलिस आयुक्त पद से हटा दिया गया है, उनकी जगह हेमंत नगराले को मुंबई पुलिस की कमान दी गई। इसी तरह रजनीश शेठ को राज्य का प्रभारी पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।
गृहमंत्री अनिल देशमुख ने बताया कि परमबीर सिंह को होमगार्ड विभाग का प्रमुख बनाया गया है। परमवीर सिंह के तबादले को उनके डिमोशन के तौर पर देखा जा रहा है। होमगार्ड विभाग में तबादले को सजा के तौर पर देखा जाता है। इससे पहले शीना बोरा केस के दौरान राकेश मारिया को मुंबई पुलिस कमिश्नर पद से हटाकर उनका तबादला होमगार्ड विभाग में किया गया था। उनकी जगह लाये गए हेमंत नगराले साल 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने वीएनआईटी नागपुर से इंजीनियरिंग की है और जेबीआईएमएस से फाइनेंस मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है।
उद्योगपति मुकेश अंबानी के बंगले एंटीलिया के पास जिलेटिन भरी स्कार्पियो की बरामदगी मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच के सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन वाझे की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने यह बड़ी कार्यवाही की है। उन्होंने बुधवार को सुबह गृहमंत्री अनिल देशमुख के साथ भी चर्चा की थी। मुख्यमंत्री से चर्चा करने के बाद गृहमंत्री अनिल देशमुख ने महाराष्ट्र पुलिस में बड़ा फेरबदल किया है। गृहमंत्री के इस निर्णय के बाद परमबीर सिंह मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय से बाहर निकल गए हैं। कुछ ही देर बाद हेमंत नगराले मुंबई पुलिस आयुक्त का पद भार ग्रहण करने वाले हैं। (हि.स.)
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



